
SamayRaina-Ranveer Allahbadia Controversy: मशहूर यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया हाल ही में कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में गेस्ट जज बने। शो के दौरान उन्होंने एक प्रतियोगी से उसके माता-पिता की निजी जिंदगी को लेकर आपत्तिजनक सवाल पूछा। जज और दर्शकों ने इसे मजाक में लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना हुई। इसे अश्लील और अनुचित बताया गया। वीडियो क्लिप वायरल होने के बाद शो के बहिष्कार की मांग उठने लगी।
बता दें कि,विवाद बढ़ने पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने यूट्यूब को पत्र लिखकर इस मामले में कार्रवाई करने को कहा। सोशल मीडिया पर रणवीर इलाहाबादिया की तीखी आलोचना हो रही है। कई जगहों पर उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज की गई हैं।
भोपाल में विरोध प्रदर्शन
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 'संस्कृति बचाओ मंच' संगठन ने रणवीर और समय रैना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि दोनों यूट्यूबर भोपाल न आएं। उन्होंने इस टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की।
असम में FIR दर्ज
असम पुलिस ने रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ FIR दर्ज की है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इस मामले में यूट्यूबर आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्वा मखीजा और समय रैना के खिलाफ भी शिकायत दर्ज हुई है।
महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस की सख्ती
महाराष्ट्र महिला आयोग और मुंबई पुलिस कमिश्नर को भी इस मामले में शिकायतें मिली हैं। रणवीर, समय रैना, अपूर्व मखीजा और शो के आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। मुंबई पुलिस ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के सेट पर जाकर जांच की। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगर मर्यादा लांघी गई तो कड़ी कार्रवाई होगी।
रणवीर इलाहाबादिया की माफी
मामला बढ़ता देख रणवीर इलाहाबादिया ने सोशल मीडिया पर माफी मांगी। उन्होंने कहा,"मेरा कमेंट अनुचित था और मजाकिया नहीं था। कॉमेडी मेरा क्षेत्र नहीं है। मैं कोई सफाई नहीं दूंगा, बस माफी मांगता हूं। मेरे पॉडकास्ट को हर उम्र के लोग देखते हैं और मैं जिम्मेदारी को हल्के में नहीं ले सकता।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे अपने प्लेटफॉर्म का सही इस्तेमाल करना चाहिए था। मैंने इस गलती से सबक लिया है। मैंने शो के मेकर्स से कहा है कि वीडियो का असंवेदनशील हिस्सा हटा दें। उम्मीद करता हूं कि इंसानियत के नाते आप मुझे माफ कर देंगे।"
Leave a comment