Himachal News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक दर्दनाक सड़क हो गया। जहां एक श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर ज़िले में शाहतलाई के पास श्रद्धालुओं को ले जा रही एक प्राइवेट बस के पलटने से दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पंजाब के अमृतसर से 35 यात्रियों को ले जा रही यह बस देवतसिद्ध और शाहतलाई स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर से लौट रही थी, तभी ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया।
घटना की जानकारी देते हुए बिलासपुर के डिप्टी कमिश्नर राहुल कुमार ने बताया कि बरसर अस्पताल में इलाज के दौरान दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। हादसे के समय बस में कुल 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद ज़िला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों के बार में बताते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि तीन यात्रियों की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा, "हादसे में तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें से एक घायल को PGI चंडीगढ़ और दो को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है। इसके अलावा, चार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज बरसर अस्पताल में चल रहा है।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि ज़िला प्रशासन पूरे हालात पर लगातार नज़र रख रहा है और प्रशासन की प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराना है। घायलों को तुरंत मेडिकल सुविधाएँ दी जा रही हैं और प्रभावित यात्रियों व उनके परिवारों को हर संभव मदद दी जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि हादसे की वजह की जांच की जा रही है।