Aaj Ka Mausam 27 July 2026: देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कई राज्यों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर बने सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है, जो अगले दो से तीन दिनों में और मजबूत हो सकता है। वहीं दूसरी तरफ असम में बाढ़ में भारी तबाही मचाई है। कई इलाकों में लोगों के घरों में पानी भर गया है। जिसकी वजह से लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग (IMD) ने देश के 12 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। जिसमें दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। साथ ही इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।
IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। शुरुआती दिनों में हल्की बारिश होगी, जबकि सप्ताह के मध्य में मध्यम बारिश का अनुमान है। विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। 28 और 29 जुलाई को नोएडा में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि 30 जुलाई को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में 28 से 31 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार, प्रदेशभर में 135 सड़कें बंद हैं, जिनमें सबसे अधिक 54 सड़कें कुल्लू और 43 सड़कें मंडी जिले में प्रभावित हैं। इसके अलावा शिमला, चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, सिरमौर और ऊना में भी कई मार्ग बाधित हैं। मौसम विभाग ने 1 अगस्त तक पूरे राज्य में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।