Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर में शुक्रवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने हाइड्रा और क्रेन ऑफिस को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उस वक्त ऑफिस की पहली मंजिल पर तीन दोस्त शराब पार्टी कर रहे थे। अचानक हुई गोलीबारी में दो दोस्त घायल हो गए, जबकि तीसरे ने भागकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन गिरने की वजह से वो घायल हो गया। अस्पताल में मंधार गांव निवासी 50 वर्षीय रिछपाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस अब इस वारदात को गांव मुसिंबल के सरपंच की कार पर हुई फायरिंग से जोड़कर जांच कर रही है।
वारदात खारवन चौक स्थित हाइड्रा और क्रेन ऑफिस की है। प्रत्यक्षदर्शी हैप्पी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात मंधार गांव के रिछपाल और मुसिंबल गांव के कमलजीत और गुरनील पहली मंजिल पर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और तीनों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से रिछपाल और कमलजीत घायल हो गए। बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर नीचे काम कर रहे वर्कर ऊपर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां रिछपाल की मौत हो गई। कमलजीत का इलाज चल रहा है, जबकि गुरनील भागते समय गिरकर घायल हुआ। पुलिस को इसी दौरान सूचना मिली कि मुसिंबल गांव के सरपंच की कार पर भी गोलियां चलाई गई हैं। एसपी कमलदीप गोयल समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए और पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हैं। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
मामले की जांच के लिए सीआईए और पुलिस की अलग-अलग टीमें लगी हुईं हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी खांगले जा रहे है, फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है।