Haryana news: हरियाणा के शाहबाद के गांव डीग निवासी 25 वर्षीय युवती शुभ की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शुभ रोजाना की तरह अपने काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक युवती को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया।
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, चालक की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए मृतका के परिजनों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक डंपर को मौके से नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप भी लगाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। थाना शाहाबाद प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल चालक फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।