Haryana News: हरियाणा के रोहतक में एंटी करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखन माजरा उप तहसील में तैनात पटवारी सुरेश को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान से लोन की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था।
रोहतक एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर भगत सिंह ने बताया कि उत्सव नामक किसान ने शिकायत दी थी कि लाखन माजरा उप तहसील में कार्यरत पटवारी सुरेश उसकी दो एकड़ जमीन पर लोन की फाइल आगे बढ़ाने के बदले 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। किसान रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने ACB से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर ACB ने ट्रैप बिछाया और आरोपी पटवारी सुरेश को किसान से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। ACB ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि मामले में आगे की पूछताछ की जा सके।