Haryana News: हरियाणा के रोहतक में दिल्ली आउटर बाईपास पर चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में एक ही परिवार के पांच सदस्य सवार थे, जो सिरसा में सगाई समारोह से वापस रोहतक लौट रहे थे। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग कार से बाहर निकल गए और बड़ा हादसा टल गया।
रोहतक के सेक्टर-36 में रहने वाला परिवार सिरसा में सगाई समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान कार से अचानक धुआं उठने लगा। सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार ने कार सवार परिवार को धुआं निकलने की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही परिवार ने तुरंत कार रोक दी और उसमें सवार पांचों लोग समय रहते नीचे उतर गए। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई।
मौके पर फायर ब्रिगेड
कार में आग लगने की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझने तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बाद में कार को सड़क किनारे करवाया गया। तेज सिंह ने बताया कि उनका बेटा कार चला रहा था और साथ में उनकी पुत्रवधू और दो पोतियां थीं। बाइक सवार ने कार से धुआं उठने की जानकारी दी, जिसके बाद सभी लोग तुरंत कार से बाहर निकल गए।
कार सवार सभी पांच लोग सुरक्षित
गनीमत रही कि इस हादसे में परिवार के सभी पांचों सदस्य सुरक्षित हैं और किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।