Haryana News: हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश के परिवहन बेड़े को मजबूत करने के लिए 500 नई बसों का टेंडर जारी किया गया है। इस योजना के तहत भिवानी रोडवेज डिपो को 40 नई बसें मिलने जा रही हैं, जो पूरे हरियाणा में किसी एक डिपो को मिलने वाली सबसे ज्यादा बसें हैं। नई बसों के आने से ग्रामीण रूटों पर बसों की कमी दूर होगी और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। भिवानी रोडवेज के जीएम दीपक कुंडू ने बताया कि नई बसें मिलने के बाद प्रभावित रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएगी।
भिवानी रोडवेज डिपो में लंबे समय से बसों की कमी के चलते कई ग्रामीण रूट प्रभावित हो रहे थे। यात्रियों को बसों के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, वहीं बसों के ब्रेकडाउन होने या दूसरे लंबे रूटों से वापस आने के बाद बसों को तुरंत अन्य रूटों पर भेजना पड़ता था। अब हरियाणा सरकार की ओर से 500 नई बसों का टेंडर जारी होने के बाद भिवानी डिपो को 40 बसें मिलने जा रही हैं। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, भिवानी जिले का क्षेत्र काफी बड़ा है और यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण रूट हैं, जिसके चलते प्रदेश में सबसे ज्यादा बसें भिवानी आगार को आवंटित की गई हैं।
जीएम दीपक कुंडू के अनुसार, वर्तमान में भिवानी डिपो के पास हरियाणा रोडवेज की 199 बसें हैं। नई 40 बसें मिलने के बाद डिपो की स्वीकृत बसों की संख्या पूरी हो जाएगी। इससे उन रूटों पर विशेष बसों की व्यवस्था की जाएगी, जहां फिलहाल बसों की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में बसों की आवाजाही बढ़ने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि नई बसें मिलने के बाद बसों के खराब होने या किसी रूट पर समय पर बस उपलब्ध नहीं होने जैसी परिस्थितियों से निपटने में भी मदद मिलेगी। इन 40 बसों के अगले दो से तीन महीने में भिवानी डिपो पहुंचने की संभावना है। बसों की उपलब्धता की सूचना मिलते ही इन्हें तुरंत विभिन्न रूटों पर संचालित किया जाएगा।
वहीं, भिवानी को मिलने वाली सभी 40 बसें अशोक लेलैंड कंपनी की होंगी और बीएस-6 मानक पर आधारित होंगी। इन बसों में प्रदूषण कम करने के लिए यूरिया आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिहाज से भी इन बसों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई बसों के संचालन से जहां यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं रोडवेज के बेड़े में भी विस्तार होगा।
नई बसों के आने से भिवानी रोडवेज के बेड़े की क्षमता बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। अब यात्रियों को बसों के संचालन और नई सेवाओं के शुरू होने का इंतजार है।