Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी शहर में आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय किशन और 50 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है।
खबरों के अनुसार कृष्ण मूल रूप से राजस्थान के कंकड़वाला गांव का निवासी था और कई वर्षों से अपने परिवार के साथ रेवाड़ी की पुष्पा वाटिका कॉलोनी में रह रहा था। वहीं, नरेंद्र पटौदी के निकट स्थित दादावास गांव का निवासी था। दोनों सुबह एक धार्मिक कथा में शामिल होने के लिए बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृष्ण के पिता पूजा-पाठ का कार्य करते हैं। वे दूसरे गांव में धार्मिक अनुष्ठान कराने गए हुए थे और सुबह घर लौटने वाले थे। उनकी अनुपस्थिति में कृष्ण कथा में शामिल होने के लिए निकला था। जैसे ही उनकी बाइक पुष्प वाटिका से आगे झज्जर चौक के पास पहुंची तो झज्जर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बाइक को काफी दूर तक अपने साथ घसीटता ले गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़ फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश तथा हादसे के कारणों की जांच जारी है।