Haryana News: हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव कन्हेटी में वीरवार देर शाम ई-ट्राइसाइकिल में आग लगने से एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दिव्यांग युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने सदर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाली इमलोटा पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया। मृतक युवक की पहचान कन्हेटी निवासी रविंद्र (29) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार पता चला है की रविंद्र पांच साल पहले इमलोटा के समीप सड़क हादसे का शिकार हो गया था। इस सड़क हादसे में लगी गंभीर चोटों के कारण उसके पेट से नीचे के हिस्से ने काम करना छोड़ दिया था। जिसके चलते वह चलने-फिरने में पूरी तरह से असमर्थ था। और वह ई-ट्राइसाइकिल के जरिए ही इधर-उधर जाता था।
जैसा की बताया जा रहा है बीते करीब दो साल से रविंद्र झज्जर जिले के गांव बिरोहड़ के खेल मैदान पर जाता था और युवाओं को अभ्यास करवाता था। वीरवार शाम को वह गांव कन्हेटी स्थित सैयद पीर मजार पर मत्था टेकने के लिए गया था।
वहां से वापिस लौटने के लिए उसने अपनी ई-ट्राइसाइकिल पर बैठकर उसे स्टार्ट किया तो उसी दौरान वह आग पकड़ गई। वह दिव्यांग होने के कारण उसने फंस गया और नीचे नहीं उतर पाया। आसपास के लोगों ने आग की लपटे देखी तो वहां पहुंचकर उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक जिंदा जलने से उसकी दर्दनाक मृत्यु हो चुकी थी।