Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार द्वारा राज्य की तीसरी बिजली वितरण कंपनी ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ के गठन की अधिसूचना जारी होने के बाद इसके क्रियान्वयन की दिशा में प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इसी के तहत उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने वरिष्ठ अधिकारी दीपक पोपली को एग्री-डिस्काम योजना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बिजली निगमों की ओर से जारी आदेशों के अनुसार दीपक पोपली, जो वर्तमान में मुख्य अभियंता (वाणिज्य), UHBVN पंचकूला के पद पर कार्यरत हैं, कृषि क्षेत्र से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी योजना के कार्यान्वयन, मॉनिटरिंग और प्रगति समीक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अतिरिक्त वह फील्ड स्तर पर योजना के क्रियान्वयन की निगरानी के साथ-साथ आवश्यक नीतिगत और प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाने का काम भी करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार, यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए अलग बिजली वितरण व्यवस्था तैयार करने के उद्देश्य से हरियाणा एग्री डिस्कॉम बनाने का फैसला लागू कर दिया है। इस नई कंपनी का लक्ष्य कृषि उपभोक्ताओं को निर्बाध, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना है।
जानकारी के लिए बता दें कि वर्तमान में किसानों को 10 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली दी जा रही है, जबकि राज्य सरकार इस मदद में हर वर्ष करीब 7 हजार करोड़ रुपए की सब्सिडी वहन करती है।
ये होगा डिस्कॉम का काम
खबरों की माने तो, नई कंपनी पूरे राज्य के कृषि फीडरों और कृषि उपभोक्ताओं का प्रबंधन करेगी। इसके तहत ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने, ट्रांसफार्मर बदलने, बिजली आपूर्ति में सुधार, मीटरिंग, बिलिंग, शिकायत निवारण और राजस्व प्रबंधन जैसे कार्य किए जाएंगे।
जैसा की बताया जा रहा है कि सरकार का दावा है कि इससे किसानों को अधिक भरोसेमंद बिजली सेवा मिलेगी और बिजली वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता तथा दक्षता बढ़ेगी।