Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के पिंजौर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक व्यापारी की हत्या कर दी गई। जैसा की जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि घटना पिंजौर के मुख्य बाजार में उस समय हुई जब व्यापारी अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठा हुआ था।
इसी दौरान 5 से 6 युवक मौके पर पहुंचे और व्यापारी को जबरन गाड़ी से बाहर खींच लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जितेश मनोचा (42) के रूप में हुई है, जो मुख्य बाजार में 'मनोचा क्लॉथ हाउस' नाम से कपड़ों की दुकान चलाते थे। पूरी वारदात बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
इस घटना की सूचना मिलते ही DCP क्राइम अमरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
खबरों की माने तो, इस हत्या को पिछले वर्ष 5 जून को हुए कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। जैसा की बताया जा रहा है कि उस मामले के कथित मास्टरमाइंड गोपाल सूखोमाजरी को कुछ दिन पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था और जितेश मनोचा को उसका करीबी माना जाता था।