Haryana News: हरियाणा में सड़कों को और बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा सड़क निर्माण में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर मंथन होगा। हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ 5 और 6 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर, नर्मदा में आयोजित राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल होंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा आयोजित इस शिविर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में विभिन्न राज्यों के सड़क एवं राजमार्ग विभागों के मंत्री तथा वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे।
रणबीर गंगवा ने बताया कि चिंतन शिविर में विभिन्न राज्यों में सड़क निर्माण और रखरखाव के क्षेत्र में अपनाई जा रही नई तकनीकों, आधुनिक कार्यप्रणालियों और सफल प्रयोगों पर चर्चा की जाएगी। हरियाणा की सड़क परियोजनाओं से जुड़े अनुभव तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों को भी साझा किया जाएगा। साथ ही, अन्य राज्यों में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों और बेहतर कार्यप्रणालियों की जानकारी ली जाएगी, ताकि हरियाणा की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोगी विकल्पों पर विचार किया जा सके।
गति शक्ति से सड़क सुरक्षा तक होंगे महत्वपूर्ण विषय
मंत्री ने बताया कि शिविर में प्रधानमंत्री गति शक्ति के माध्यम से सड़क तथा अन्य बुनियादी ढांचे की समन्वित योजना, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल तथा परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। आमजन की सुविधा के लिए सड़क परियोजनाओं की प्रक्रिया को सरल एवं तेज करने, भूमि अधिग्रहण, भूमि राशि के बेहतर उपयोग, परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मॉडल समझौतों तथा सुरक्षित राजमार्गों से जुड़े विषय भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कार्यों की निगरानी को मजबूत करने तथा परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के उपायों पर भी राज्यों के अनुभव साझा किए जाएंगे। केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से सड़क परियोजनाओं को गति देने के उपायों पर भी विचार-विमर्श होगा।
हरियाणा की जरूरत के अनुरूप उपयोगी तकनीकों पर होगा विचार
रणबीर गंगवा के साथ लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी चिंतन शिविर में भाग लेंगे। अधिकारी हरियाणा में सड़क परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा करने के साथ-साथ सड़क निर्माण एवं रखरखाव में इस्तेमाल की जा रही नई तकनीकों और आधुनिक कार्यप्रणालियों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
गंगवा ने कहा कि सड़कों का सीधा संबंध आमजन के दैनिक आवागमन से है। इसलिए सड़कें बेहतर, सुरक्षित और सुगम हों तथा लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो, इसके लिए नई तकनीकों और बेहतर विकल्पों पर निरंतर विचार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चिंतन शिविर में सामने आने वाले अनुभवों और तकनीकी जानकारी का हरियाणा की आवश्यकताओं के अनुरूप अध्ययन किया जाएगा तथा प्रदेश के लिए उपयोगी विकल्पों को अपनाने की संभावनाओं पर आगे विचार किया जाएगा।