Aaj Ka Mausam 17 November 2026: चक्रवाती तूफान 'अकवान' आने वाले दिनों में और विकराल रूप ले सकता है। IMD के मुताबिक, इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर और 19 नवंबर की सुबह तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। 20 नवंबर को दोपहर के समय इसके आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय इलाकों में नेल्लोर और टुनी के बीच पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। तूफान के चलते दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों सहित कुल 11 राज्यों में बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज बारिश को लेकर अलर्ट है, जबकि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है।
राजधानी दिल्ली में आज यानी 17 नवंबर को मौसम बिलकुल साफ रहने की संभावना जताई गई है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय राजधानी के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है, जिससे सड़कों पर विजिबिलिटी कम होने की आशंका है। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ रहने की उम्मीद है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी आज बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। सुबह और देर रात धुंध बढ़ने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
बिहार में साफ रहेगा मौसम
बिहार में 17 नवंबर को मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश या तेज आंधी को लेकर कोई खास चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास हो सकता है। दिन में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में सामान्य रहेगा मौसम
उत्तराखंड में 17 नवंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा। तापमान में गिरावट के चलते लोगों को ठिठुरन महसूस हो सकती है, जबकि दिन के समय मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।