Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर पंचकूला में 'रन फॉर यूनिटी' को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को संबोधित किया और देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने दौड़ में हिस्सा लेने वाले लोगों का स्वागत करते हुए उनके उत्साह की सराहना की।
नायब सैनी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पंचकूला में सुबह दिखाई दिया उत्साह और भारत की एकता बनाए रखने का संकल्प इस आयोजन को केवल एक दौड़ तक सीमित नहीं रखता, बल्कि यह देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत होगा एकता का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही लोगों के कदम कुछ किलोमीटर तक चलें, लेकिन उनके इरादे आने वाली पीढ़ियों के लिए देश की एकता को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने 'रन फॉर यूनिटी' में भाग लेने वाले सभी लोगों का स्वागत और सम्मान किया। सैनी ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से देश की एकता और अखंडता को बढ़ावा मिलता है। साथ ही लोगों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और एकजुटता की भावना भी मजबूत होती है।