Rule Change 1st November: अक्टूबर महीने का आज अंतिम दिन हैं। कल से नवंबर का महीना शुरू हो रहा हैं। बता दें की बदलते महीने के साथ-साथ कई बड़े बदलाव भी लागू होने जा रहे हैं। और इन बदलावों का असर सीधा आपकी जेब पर होने वाला हैं। एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी बदलाव किए जा सकते हैं। इसके साथ ही जीएसटी (GST) रूल चेंज से लेकर हाइवे पर टोल पास के रिचार्ज तक को लेकर नियम लागू हो रहा है।
1. LPG सिलेंडर और ATF के दाम होंगे अपडेट
हर महीने की तरह इस बार भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां LPG की नई कीमतें जारी करेंगी। पिछले महीने 1 अक्टूबर को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 62.50 रुपये का इजाफा हुआ था, जबकि 14 किलो वाला घरेलू सिलेंडर महंगा नहीं हुआ था। इस बार भी सभी की नजर घरेलू और कमर्शियल दोनों सिलेंडर के रेट पर टिकी है। इसके साथ ही हवाई ईंधन यानी ATF के दाम में भी बदलाव संभव है, जिससे हवाई टिकट महंगे हो सकते हैं।
2. टोल प्लाजा के पास रहने वालों को मिलेगा सस्ता पास
नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार 1 नवंबर से नया Toll Pass Rule लाने जा रही है। इसके तहत टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले प्राइवेट गाड़ी मालिकों के लिए सिर्फ 1500 रुपये का सालाना पास बनाया जाएगा। इससे रोजाना टोल पार करने वालों को बड़ी बचत होगी।इसके साथ ही ट्रैफिक के दो और बड़े नियम लागू हो रहे हैं। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए 1 नवंबर से दूसरे राज्यों के पुराने नॉन-BS6 वाहनों की एंट्री पर बैन लग जाएगा, जो विंटर एक्शन प्लान के तहत 31 जनवरी तक लागू रहेगा। वहीं मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के नए मिसिंग लिंक पर अब मालवाहक गाड़ियों की एंट्री पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
3. तमिलनाडु में शराब खरीदने का बदला तरीका
शराब के शौकीनों के लिए भी नियम बदल गया है। तमिलनाडु सरकार की एजेंसी TASMAC ने फैसला किया है कि 1 नवंबर से 1000 रुपये से ज्यादा कीमत वाली शराब की बोतल खरीदने पर कैश पेमेंट नहीं चलेगा। आपको डिजिटल पेमेंट यानी UPI, कार्ड से ही पेमेंट करना होगा।
4. GST रिफंड में व्यापारियों को मिलेगी राहत
GST के नियम में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सरकार टैक्स रिफंड में होने वाली देरी को कम करने के लिए ऑटोमैटिक अप्रूवल सिस्टम ला रही है। इससे छोटे व्यापारियों और कारोबारियों पर कागजी कार्रवाई का बोझ कम होगा और उनका पैसा जल्दी वापस मिलेगा।
Also read: अमित शाह ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, बोले- 1,218 दिनों में बनाया एक भारत; 'रन फॉर यूनिटी' को दिखाई हरी झंडी
5. अनजान नंबर का नाम अब फोन पर ही दिखेगा
Truecaller की जरूरत अब खत्म होने वाली है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने सभी टेलीकॉम कंपनियों को आदेश दिया है कि 1 नवंबर 2026 से CNAP यानी Calling Name Presentation सर्विस लागू करें। इसके बाद आपके पास किसी भी अनजान नंबर से कॉल आएगी तो स्क्रीन पर उसका नाम दिखेगा, जो सिम कार्ड पर रजिस्टर्ड होगा।