Haryana News: हरियाणा के कैथल में करवा चौथ का पावन दिन एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। आईटीआई चुंगी के पास एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई की मोटरसाइकिल में आग लग गई। मृतक की पहचान गांव चंदाना के रहने वाले 35 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है। वह बाइक पर सवार होकर जा रहा था। जैसे ही आईटीआई चुंगी के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ड्राइवर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। अनाज मंडी चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को कैथल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसको पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। रोहतक ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
आग के गोले में बदली बाइक
पुलिस ने मृतक युवक के भाई की शिकायत पर ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। परिजनों ने बताया कि सुनील पेशे से मिस्त्री था और काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक चुंगी के पास पहुंची, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक में तुरंत आग लग गई और वह आग के गोले में बदल गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
3 बच्चों का पिता था सुनील
इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद मृतक के तीनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और करवा चौथ की खुशियां उजड़ गई। मृतक के दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच जारी है।