9 नवंबर को हरियाणा में बैंक क्यों रहेंगे बंद?
अंबाला निवासी हाईकोर्ट एडवोकेट एवं प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार के अनुसार, इस वर्ष दीपावली 8 नवंबर, रविवार को पड़ने के कारण कैलेंडर वर्ष 2026 में एक सरकारी अवकाश रविवार के दिन ही निकल गया। इसके अगले दिन सोमवार, 9 नवंबर को विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर हरियाणा में राजपत्रित अवकाश के साथ सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है।
Also read: Old Pension Scheme News: हरियाणा में इन कर्मचारियों को भी मिल सकती है पुरानी पेंशन, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
हेमंत कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 तक विश्वकर्मा दिवस पर हरियाणा में सार्वजनिक अवकाश नहीं होता था, लेकिन इस वर्ष पहली बार इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके चलते सोमवार को प्रदेश के सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहेंगे।
इस दिन निम्न संस्थानों में अवकाश रहेगा:
- हरियाणा में स्थित सभी सरकारी और निजी बैंक
- बीमा कंपनियों के कार्यालय
- संगठित व्यापारिक प्रतिष्ठान और प्राइवेट लिमिटेड कंपनियां
- राज्य सरकार के सभी कार्यालय एवं संबंधित संस्थान
- स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय
- पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तथा हरियाणा के जिला एवं अधीनस्थ न्यायालय
राजपत्रित अवकाश और सार्वजनिक अवकाश में क्या है अंतर?
एडवोकेट हेमंत कुमार के अनुसार, राजपत्रित अवकाश यानी गजटेड हॉलिडे और सार्वजनिक अवकाश यानी पब्लिक हॉलिडे के बीच महत्वपूर्ण अंतर होता है।
जब हरियाणा सरकार किसी विशेष दिन या त्योहार पर राजपत्रित अवकाश घोषित करती है, तो प्रदेश सरकार के अधीन आने वाले कार्यालयों, सरकारी बोर्ड एवं निगमों, स्थानीय निकायों और शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहती है।
इसमें नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका, सरकारी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य राजकीय संस्थान शामिल होते हैं।
हालांकि, हर राजपत्रित अवकाश सार्वजनिक अवकाश नहीं होता। सार्वजनिक अवकाश को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 25 के तहत घोषित किया जाता है। ऐसे अवकाश को बैंक हॉलिडे भी कहा जाता है।
Also read: Haryana Roadways Promotion: हरियाणा रोडवेज के 797 कंडक्टर बने सब-इंस्पेक्टर, 43 ड्राइवरों को भी प्रमोशन; 2016 बैच के चालकों को नियमित होने का इंतजार
NI Act की धारा 25 के तहत घोषित होता है सार्वजनिक अवकाश
हेमंत कुमार ने बताया कि सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के लिए नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 25 के प्रावधान लागू होते हैं।
सितंबर 2015 में जब केंद्र सरकार ने सभी बैंकों में प्रत्येक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था, तब इसी कानून की धारा 25 के तहत केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचना जारी की गई थी।
इस प्रकार सार्वजनिक अवकाश और सामान्य सरकारी छुट्टी की व्यवस्था अलग-अलग होती है। यही कारण है कि हर सरकारी छुट्टी पर बैंक बंद होना जरूरी नहीं होता।
केंद्र सरकार के कार्यालय 9 नवंबर को खुले रहेंगे
विश्वकर्मा दिवस पर 9 नवंबर को हरियाणा सरकार द्वारा सार्वजनिक और राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन यह केंद्र सरकार का सरकारी अवकाश नहीं है।
इसलिए प्रदेश में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। इनमें पोस्ट ऑफिस, आयकर विभाग, बीएसएनएल और केंद्र सरकार के अन्य कार्यालय शामिल हैं।
हालांकि, विश्वकर्मा दिवस केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए प्रतिबंधित अवकाश (Restricted Holiday) की सूची में शामिल है। ऐसे कर्मचारी सक्षम अधिकारी से पूर्व अनुमति लेकर इस दिन छुट्टी ले सकते हैं।
हाईकोर्ट और जिला अदालतों में भी रहेगी छुट्टी
हेमंत कुमार के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ में भी अवकाश रहेगा। इसके साथ ही हरियाणा प्रदेश की सभी जिला अदालतों और अधीनस्थ न्यायालयों में भी सरकारी छुट्टी घोषित है।
इस प्रकार विश्वकर्मा दिवस पर हरियाणा में सरकारी कार्यालयों, बैंकों, न्यायालयों और कई अन्य संस्थानों में छुट्टी रहने के कारण लोगों को अपने जरूरी बैंकिंग एवं सरकारी कार्य पहले से निपटाने की सलाह दी जा रही है।