Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में विदेशी नंबर से कॉल करके वाइन शॉप के मालिक से फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक 15 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने तकनीकी सहायता से कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इंटरनेट से वर्चुअल विदेशी मोबाइल नंबर प्राप्त कर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने फरुखनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता शराब की दुकानों का लाइसेंस धारक है। उसने बताया कि 25 अक्टूबर को दोपहर 12:41 बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अमेरिका से बात करने का दावा किया और अपना परिचय आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के रूप में दिया। इसके बाद कॉल करने वाले ने शिकायतकर्ता से पैसों की मांग की। पैसे नहीं देने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने और नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर फरुखनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
सुमित और 15 वर्षीय नाबालिग गिरफ्तार
मामले की जांच अपराध शाखा फरुखनगर के उप-निरीक्षक लोकेश कुमार की टीम को सौंपी गई। पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से जानकारी जुटाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 अक्टूबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान सुमित (25) निवासी गांव सिकंदरपुर बढ़ा, थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम और उसके 15 वर्षीय नाबालिग साथी के रूप में हुई है। सुमित दसवीं पास है और गुरुग्राम कोर्ट में एक वकील के पास मुंशी का काम करता है। वहीं, नाबालिग आठवीं कक्षा में पढ़ता है।
इंटरनेट से हासिल किया वर्चुअल विदेशी नंबर
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सुमित ने इंटरनेट से मिली जानकारी के आधार पर एक वर्चुअल विदेशी मोबाइल नंबर प्राप्त किया था। इसके बाद उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर वाइन शॉप के मालिक को फोन करके फिरौती मांगने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, योजना के तहत नाबालिग ने शिकायतकर्ता को फोन कर फिरौती मांगी थी। यदि शिकायतकर्ता पैसे देने के लिए तैयार हो जाता, तो फिरौती की रकम सुमित द्वारा प्राप्त की जानी थी।
मोबाइल फोन बरामद करने में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य संबंधित साक्ष्य बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पुलिस की लोगों से अपील
गुरुग्राम पुलिस ने आमजन को जागरूक करते हुए कहा कि इंटरनेट से प्राप्त वर्चुअल विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करने से किसी व्यक्ति की पहचान पूरी तरह नहीं छिपती। पुलिस आधुनिक तकनीक, साइबर जांच और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से ऐसे नंबरों के इस्तेमाल से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास कर सकती है।
पुलिस ने चेतावनी दी कि तकनीक का दुरुपयोग करके अपराध करने वाले यह गलतफहमी न पालें कि वे अपनी पहचान छिपाकर कानून से बच सकते हैं। पुलिस ने लोगों से तकनीक का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की अपील की है।