Search KhabarFast

Press ESC to close

Pak vs SL: पाकिस्तान का ऐतिहासिक रन चेज, 326 रन बनाकर भारत के 24 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी

Pak vs SL: पाकिस्तान का ऐतिहासिक रन चेज, 326 रन बनाकर भारत के 24 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी

Pakistan vs Sri Lanka Final: पाकिस्तान ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए ट्राई-नेशन सीरीज के फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में फखर जमान की शानदार शतकीय पारी के दम पर पाकिस्तान ने 326 रन का लक्ष्य हासिल किया। पाकिस्तान ने तीन विकेट और नौ गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ ही फाइनल में कई बड़े रिकॉर्ड भी बने। फखर जमान ने 99 गेंदों पर 127 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और छह छक्के लगाए। उनके अलावा साद बेग ने 75 गेंदों पर 74 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

पाकिस्तान ने फाइनल में 326 रन का लक्ष्य हासिल करके वनडे टूर्नामेंट के फाइनल में सबसे बड़े सफल रन चेज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले 2002 नेटवेस्ट ट्राई-सीरीज के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 326 रन का लक्ष्य हासिल किया था। अब पाकिस्तान ने भी इसी स्कोर का पीछा करके इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 656 रन बनाए। यह किसी वनडे टूर्नामेंट के फाइनल में बना सबसे बड़ा कुल स्कोर है। इससे पहले 2002 नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल में भारत और इंग्लैंड ने मिलकर 651 रन बनाए थे।

फखर जमान ने फाइनल में दूसरी बार जड़ा शतक

फखर जमान ने अपने वनडे करियर के एक और बड़े मुकाबले में शतकीय पारी खेली। यह तीन वनडे फाइनल में उनका दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत के खिलाफ शतक लगाया था। फखर अब महान पाकिस्तानी बल्लेबाज सईद अनवर के साथ वनडे फाइनल में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले पाकिस्तान के बल्लेबाज बन गए हैं। फखर ने तीन फाइनल में 83.66 की औसत से 251 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 114.09 रहा है।

300 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए फखर का रिकॉर्ड

फखर जमान ने 300 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपना चौथा वनडे शतक लगाया। इस मामले में वह पाकिस्तान के लिए सबसे आगे निकल गए हैं। इससे पहले बाबर आजम और यूनिस खान ने 300 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन-तीन शतक लगाए थे। इसके अलावा फखर ने अपनी 96वीं वनडे पारी में पाकिस्तान के लिए 4,000 रन भी पूरे कर लिए। वह बाबर आजम के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले पाकिस्तान के दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं। फखर ने 97 वनडे मैचों की 96 पारियों में 44.65 की औसत से 4,019 रन बनाए हैं। उनके नाम 12 शतक और 19 अर्धशतक दर्ज हैं।

कामिंडू मेंडिस का पहला वनडे शतक

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 325 रन बनाए। टीम की ओर से कामिंडू मेंडिस ने 128 गेंदों पर 131 रन की शानदार पारी खेली। यह उनका पहला वनडे शतक है। उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और दो छक्के लगाए। कामिंडू ने पवन रथनायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी की। पवन ने 65 गेंदों पर 77 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल रहे। अविष्का फर्नांडो ने भी 49 गेंदों पर 38 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ और सलमान आगा ने दो-दो विकेट हासिल किए।

अराफात मिन्हास की तूफानी पारी ने दिलाई जीत

326 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही और टीम ने 14 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद फखर जमान और साद बेग ने पारी संभाली। दोनों के बीच 149 रन की साझेदारी हुई, जिसने पाकिस्तान को मुकाबले में वापस ला दिया। फखर के आउट होने के बाद भी पाकिस्तान ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। हसन नवाज ने 45 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए, जबकि अराफात मिन्हास ने सिर्फ 31 गेंदों पर 61 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। आखिरकार पाकिस्तान ने 48.3 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

पवन रथनायके रहे सीरीज के सबसे सफल बल्लेबाज

श्रीलंका के पवन रथनायके के लिए यह ट्राई-नेशन सीरीज यादगार रही। उन्होंने टूर्नामेंट में 106.75 की औसत और 122.7 के स्ट्राइक रेट से 427 रन बनाए। उनके बल्ले से दो शतक और दो अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 130 रन रहा। त्रिकोणीय वनडे टूर्नामेंट में किसी श्रीलंकाई बल्लेबाज के सर्वाधिक रनों की सूची में पवन का यह प्रदर्शन तीसरे स्थान पर है। उनसे आगे तिलकरत्ने दिलशान के 513 रन और कुमार संगकारा के 469 रन हैं।

  

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

शोएब अख्तर ने बताया है कौन तोड़ सकता है उनका 161 की रफ्तार से फेंकी गई गेंद का रिकॉर्ड, बॉलर का नाम सुन होगा आशर्चय

Sohaib Akhtar On Bowling Record: क्रिकेट के मैदान पर रोज नए रिकॉर्ड बनते हैं और टूटते हैं लेकिन, आज तक एक रिकॉर्ड कायम है तो टूट नहीं सका है। वह है पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर द्वारा फेंकी गई 161 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई गेंद।

WTC Points Table: साउथ अफ्रीका की जीत से बदली अंक तालिका, न्यूजीलैंड टॉप पर; जानें भारत की स्थिति

WTC Points Table 2025-27: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई टेस्ट सीरीज के बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मौजूदा चैंपियन साउथ अफ्रीका ने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर टॉप-2 में वापसी कर ली है। वहीं, न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया अब तीसरे नंबर पर खिसक गया है।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast