Haryana News: हरियाणा के भिवानी में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भाजपा सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोला। चौटाला ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के साथ मिले हुए हैं और वह वर्ष 2016 से लगातार यह बात कहते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने हुड्डा के खिलाफ खुलकर आरोप लगाने शुरू किए तो हुड्डा ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजने की बात कही थी, लेकिन आज तक उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला।
अभय चौटाला ने कहा कि हुड्डा ने पत्रकारों के सामने भी नोटिस भेजने का दावा किया था, लेकिन नोटिस कहां है? उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उनके आरोप गलत हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। चौटाला ने कहा कि वह अपने आरोपों पर कायम हैं और उनके खिलाफ गलत बयानबाजी करने वालों को अदालत में जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने हुड्डा पर लोगों के बीच उनके खिलाफ गलत प्रचार करने का आरोप भी लगाया।
वहीं भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है, कानून व्यवस्था कमजोर हुई है और महंगाई से आम जनता परेशान है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को प्रदेश की समस्याओं की चिंता नहीं है और वह ज्यादातर विदेश या पंजाब में रहते हैं। चौटाला ने मौजूदा सरकार को डमी सरकार बताते हुए आरोप लगाया कि इसे कोई दूसरा व्यक्ति चला रहा है।
मुख्यमंत्री के दो साल में 40 हजार नौकरियां देने के दावे पर भी चौटाला ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सैनिकों को तो नौकरियां मिल रही हैं, लेकिन आम युवाओं को कितना रोजगार मिला है, यह गांवों में जाकर पता किया जाना चाहिए। उन्होंने धनाना गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि गांव में पूछकर देख लिया जाए कि कितने युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
प्रदेश के युवाओं में नया उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है- अभय चौटाला
इसी दौरान नूंह में आयोजित इनेलो की रैली का जिक्र करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि रैली के बाद प्रदेश के युवाओं में नया उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि युवा नए सिरे से इंडियन नेशनल लोकदल को मजबूत करने और प्रदेश में बदलाव लाने का संकल्प ले रहे हैं। चौटाला के अनुसार नूंह की रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए थे।