Microsoft Server Down: माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई खराबी ने दुनिया भर में हड़कंप मचा दिया है। भारत समेत 74 देशों में माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेज ठप हो गई हैं, जिसका सीधा असर एयरलाइन सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। जिसको लेकर एयरलाइन्स ने एडवाइजरी जारी की हैं।
स्पाइसजेट ने रद्द की 3 उड़ानें
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज की वजह से स्पाइसजेट को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी है। एयरलाइन ने शुक्रवार सुबह दिल्ली से जाने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दीं। इनमें दिल्ली से पुणे, दिल्ली से लेह और दिल्ली से मुंबई जाने वाली उड़ानें शामिल हैं।इतना ही नहीं, स्पाइसजेट की दो उड़ानें दिल्ली से दरभंगा और दिल्ली से मुंबई देरी से रवाना हुईं। अन्य एयरलाइनों में अभी तक ऐसी कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है, लेकिन सभी ने यात्रियों को अलर्ट कर दिया है।
एयर इंडिया ने क्या कहा?
एयर इंडिया ने कहा है कि वह माइक्रोसॉफ्ट आउटेज पर बारीकी से नजर रख रही है। एयरलाइन के मुताबिक, उसकी उड़ान सेवाओं पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है और उसके संचार माध्यम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।एयर इंडिया ने बताया कि यात्रियों के ईमेल बिना किसी रुकावट के मिलते रहें, इसके लिए ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते पर भेज दिया गया है। कंपनी अपने तय 24 घंटे के समय-सीमा के भीतर ही ईमेल का जवाब दे रही है।
Also read: दिसंबर में बढ़ सकती हैं EMI?, RBI कर सकता है ब्याज दरों में इजाफा, जानिए कितनी होगी बढ़ोतरी
इंडिगो, अकासा और दिल्ली एयरपोर्ट की एडवाइजरी
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज को देखते हुए इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दोनों एयरलाइनों ने यात्रियों से उड़ान से जुड़ी जानकारी और अपडेट पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है।दिल्ली हवाई अड्डे ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति (फ्लाइट स्टेटस) जरूर जांच लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।