Entertainment News: सिंगर और म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक ने सलमान खान की प्रोडक्शन कंपनी की सोशल मीडिया टीम पर नाराजगी जाहिर की है। मामला 2015 में रिलीज हुई फिल्म 'हीरो' की 11वीं सालगिरह से जुड़ा है। सालगिरह के मौके पर सलमान खान फिल्म्स की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया गया, लेकिन इसमें फिल्म के गाने के कंपोजर और गीतकार को क्रेडिट नहीं दिया गया। इस पर अमाल मलिक ने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में टीम को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
सोशल मीडिया टीम को किया टैग
अमाल ने सोशल मीडिया टीम को टैग करते हुए सवाल किया कि फिल्म के गाने को बनाने वाले कंपोजर और गीतकार का नाम तक पोस्ट में क्यों नहीं लिखा गया। उन्होंने इसे टीम की 'ऑडेसिटी' यानी हद से ज्यादा बेपरवाही बताया। अमाल ने कहा कि किसी गाने को कंपोजर और गीतकार अपनी मेहनत, समय और रचनात्मकता से तैयार करते हैं। ऐसे में उनकी पहचान और योगदान का सम्मान होना चाहिए।
अमाल ने लगाया ये आरोप
अमाल ने टीम को बुनियादी बातों का ध्यान रखने की सलाह देते हुए कहा कि अगर वे ऐसा नहीं कर सकते तो सोशल मीडिया पेज ही डिलीट कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी अपील की कि उनका कमेंट हटाया न जाए, क्योंकि वह चाहते हैं कि सलमान खान भी इसे देखें। अमाल ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया टीम ने इस मामले में गलती की है। सलमान खान फिल्म्स ने 'हीरो' की 11वीं सालगिरह पर पोस्ट शेयर किया था। फिल्म में सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म के म्यूजिक में अमाल मलिक के अलावा Meet Bros Anjjan, Sachin-Jigar और Jassi Katyal का भी योगदान था।
अमाल मलिक ले रहे ब्रेक
अमाल मलिक इससे पहले भी अपने करियर को लेकर खुलकर बात कर चुके हैं। उन्होंने कुछ समय पहले बताया था कि वह अगली सूचना तक फिल्म म्यूजिक कंपोज करने से ब्रेक ले रहे हैं। उन्होंने साफ किया था कि यह ब्रेक नए फिल्म प्रोजेक्ट्स पर लागू होगा। हालांकि, उनके पुराने और रिलीज नहीं हुए गाने भविष्य में फिल्मों की रिलीज के साथ दर्शकों तक पहुंच सकते हैं। अमाल ने कहा था कि वह अपने दिमाग, शरीर और आत्मा को आराम देना चाहते हैं और खुद पर ध्यान देने के बाद नई ऊर्जा के साथ वापसी करना चाहते हैं। इससे पहले उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि इंडस्ट्री के कुछ ताकतवर लोगों ने उन्हें किनारे किया और पिछले कुछ सालों में उन्हें 60 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स से बाहर कर दिया गया।
Also read: पवन सिंह को लगा बड़ा झटका...अदालत में नहीं हुए पेश, बलिया फैमिली कोर्ट ने लगाया जुर्माना