
BOONG Manipuri Film, BAFTA 2026: भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक पल! ब्रिटिश अकादमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (BAFTA) अवॉर्ड्स 2026में मणिपुरी भाषा की फिल्म 'बूंग' (Boong) ने बेस्ट चिल्ड्रेंस एंड फैमिली फिल्म का अवॉर्ड जीत लिया है। यह पहली बार है जब कोई भारतीय फिल्म इस कैटेगरी में BAFTA जीतने में सफल हुई है। फिल्म ने डिज्नी की बड़ी फ्रेंचाइजी 'जूटोपिया 2' (Zootopia 2), 'लिलो एंड स्टिच' (Lilo & Stitch) और नताली पोर्टमैन से जुड़ी 'आर्को' (Arco) जैसी हॉलीवुड की मजबूत दावेदारों को पीछे छोड़ दिया।
क्या है 'बूंग' की कहानी?
'बूंग' एक कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा है, जो मणिपुर के उत्तरी हिस्से में म्यांमार बॉर्डर के पास रहने वाले एक छोटे लड़के की कहानी बताती है। फिल्म में जातीय तनाव, पिता की गुमशुदगी की तलाश और जीवन की जटिलताओं को संवेदनशील तरीके से दिखाया गया है। यह निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी की पहली फीचर फिल्म है, जिसे फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। अन्य प्रोड्यूसर्स में विकेश भुटानी, एलन मैकएलेक्स और शुजात सौदागर शामिल हैं। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में गुगुन किपजेन और बाला हिजाम हैं।
BAFTA 2026में 'बूंग' का बजा डंका
बता दें, BAFTA 2026का आयोजन 22फरवरी 2026को लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में हुआ, जहां फरहान अख्तर अवॉर्ड स्वीकार करने के लिए मौजूद थे। वहीं, लक्ष्मीप्रिया देवी ने कहा कि यह छोटी फिल्म को इतना बड़ा प्यार मिलना अप्रत्याशित है। उन्होंने मणिपुर में शांति की कामना की और विस्थापित बच्चों के सपनों और खुशियों की वापसी की प्रार्थना की। यह जीत न केवल भारतीय सिनेमा बल्कि उत्तर-पूर्वी क्षेत्र की कहानियों के लिए भी एक बड़ा मील का पत्थर है, क्योंकि 'बूंग' पहली मणिपुरी फिल्म है जिसने BAFTA जीता।
फिल्म ने पिछले साल टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर किया था और मेलबर्न इंडियन फिल्म फेस्टिवल में स्पॉटलाइट फिल्म का दर्जा पाया था। भारत में इसे 19 सितंबर 2025 को थिएटर में रिलीज किया गया था। इस अवॉर्ड से भारतीय क्षेत्रीय सिनेमा की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और यह दिखाता है कि सच्ची कहानी और संवेदनशील निर्देशन बड़े-बड़े बजट वाली हॉलीवुड फिल्मों को भी टक्कर दे सकता है।
Leave a comment