
India Energy Week 2025:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत ऊर्जा सप्ताह 2025 कार्यक्रम का उद्घाटन कर वर्चुअल तरीके से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया का हर विशेषज्ञ कह रहा है कि 21वीं सदी भारत की सदी है। भारत न केवल अपना विकास कर रहा है, बल्कि विश्व का भी विकास कर रहा है और इसमें हमारे ऊर्जा क्षेत्र की बहुत बड़ी भूमिका है। भारत की ऊर्जा महत्वाकांक्षा 5 स्तंभों पर टिकी है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पास संसाधन हैं, हम प्रतिभाशाली दिमागों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, हमारे पास आर्थिक ताकत है, राजनीतिक स्थिरता है, भारत के पास रणनीतिक भूगोल है, भारत वैश्विक स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है। इससे भारत के ऊर्जा क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा हो रही हैं।" उन्होंने कहा कि India Energy Week में देश और दुनियाभर से यहां, यशोभूमि में जुटे सभी साथियों को नमस्कार। आप सभी सिर्फ Energy Week का हिस्सा भर नहीं हैं, आप भारत की Energy ambition का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं।
5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है- पीएम मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दशक में भारत 10वीं से बढ़कर 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। हमारी सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता 32 गुना बढ़ गई है। आज भारत तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक देश है। इसके अतिरिक्त, हमारी गैर-जीवाश्म ईंधन ऊर्जा क्षमता तीन गुना हो गई है। उन्होंने कहा कि हमने देश के सामान्य परिवारों और किसानों को ऊर्जादाता बनाया है। बीते साल हमने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की। इस योजना का स्कोप सिर्फ Energy production तक ही सीमित नहीं है। इससे सोलर सेक्टर में नई स्किल्स बन रही हैं, नया सर्विस इकोसिस्टम बन रहा है और आपके लिए इंवेस्ट की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
आज भारत, दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक देश है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए अगले दो दशक बहुत महत्वपूर्ण हैं और अगले 5 वर्षों में हम कई बड़े मील के पत्थर पार करने जा रहे हैं, हमारे कई ऊर्जा लक्ष्य 2030 की समय सीमा के अनुरूप हैं। हमारे ये लक्ष्य बहुत महत्वाकांक्षी लग सकते हैं, लेकिन भारत ने पिछले 10 वर्षों में जो हासिल किया है, उससे यह विश्वास पैदा हुआ है कि हम इस लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। पिछले 10 वर्षों में भारत 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से बढ़कर 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। आज भारत, दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा उत्पादक देश है।
Leave a comment