
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में हवा में कोई सुधार नहीं हो रहा है। सुबह के समय लोगों को प्रदूषण की एक मोटी चादर देखने को मिलती है। पूरे शहर को स्मॉग ने अपने कब्जे में ले लिया है। सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद प्रदूषण में कोई सुधार नहीं हो रहा है। दिल्ली में बुधवार को औसत एक्यूआई 352 दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग ने पहाड़ों इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
राजधानी दिल्ली की हवा में कोई सुधार नहीं हो रहा है। जिसकी वजह से ठंड का इंतजार बढ़ गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। हालांकि, उत्तर भारत के कई राज्यों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बिहार और उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और अधिकतम तापमान अभी 4 से 6 डिग्री अधिक बना हुआ है।
इन इलाकों में होगी बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय तमिलनाडु, केरल, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश हल्की से भारी बारिश की संभावना है। वहीं, मौसम विभाग ने बताया कि अगले हफ्ते के मध्य तक हवा की गुणवत्ता में सुधार की संभावना नहीं है। हलांकि, बुधवार को एक्यूआई मामूली सुधार के साथ 352 दर्ज की गई।
ठंड में देरी क्यों?
पहाड़ों में बर्फबारी होने के बाद उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड की शुरूआत होती है। लेकिन इस बार पहाड़ों में पश्चिम विक्षोभ के कमजोर होने के कारण बर्फबारी नहीं हुई है। जिसकी वजह से पर्वतीय स्थलों जैसे श्रीनगर, पहलगाम, गुलमर्ग और लेह में तापमान सामान्य से अधिक रहा है। मैदानों में ठंड तभी पहुंचती है जब इन पर्वत श्रृंखलाओं की ऊंचाई पर अच्छी बर्फ जमती है।
Leave a comment