Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में 15 अगस्त से पहले सुरक्षा व्यवस्था के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर कार्यालय को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किला समेत दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों पर धमाके किए जाएंगे। धमकी मिलने के बाद मेयर कार्यालय ने तुरंत इसकी सूचना दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। एहतियात के तौर पर मेयर कार्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस साइबर टीम की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
इससे पहले राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके चलते तत्काल सुरक्षा कार्रवाई और स्कूलों को खाली कराया गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया गया और बम निरोधक दस्ते तथा स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा प्रभावित स्कूल परिसरों की गहन जांच की गई।