Delhi Crime News: दिल्ली में साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ नॉर्थ-ईस्ट जिला साइबर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। ब्लू डार्ट कूरियर डिलीवरी के नाम पर दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड के एक डीजीएम से 2 लाख 47 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, जालसाजों ने पीड़ित को फोन कर कॉल और मैसेज फॉरवर्डिंग एक्टिव करवाई, जिसके बाद बैंकिंग ओटीपी अपने कब्जे में लेकर खाते से लाखों रुपये उड़ा दिए। रकम की मनी ट्रेल खंगालते हुए साइबर पुलिस की जांच उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश तक जा पहुंची। जिसके बाद SHO साइबर थाना राहुल कुमार की निगरानी में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। जिसने उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश में छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
पुलिस की टीम ने काशीपुर, मिर्जापुर और सुल्तानपुर में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस जांच में म्यूल बैंक अकाउंट खरीदने-बेचने और टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों तक पहुंचाने के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस इस अंतरराज्यीय साइबर सिंडिकेट के बाकी सदस्यों और ठगी की रकम की तलाश में जुटी है।