Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कोसली क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेवाड़ी से कोसली आ रही सवारियों से भरी एक निजी बस कोसली-टूमना रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आठ यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल, कोसली में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए राहत कार्य में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।