Aaj Ka Mausam 15 July 2026: उत्तर भारत में ऐसा लग रहा है कि मानसून कहीं खो गया है। जुलाई के पहले सप्ताह में जमकर बरसात हुई, ऐसा लगा रहा था कि मानसून इस बार रिकॉर्ड तोड़ेगा, लेकिन इस ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला रहा है। समय के साथ –साथ उत्तर भारत से बारिश लगभग गायब सी हो गई है। साथ ही उसम भरी गर्मी ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। इसी बीच मौसम विभाग ने एक बड़ी राहत देते हुए 13 राज्यों में हल्की और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के साथ पश्चिम-मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में आने वाले दिनों में बारिश की संभावना कम जताई गई है। वहीं 18 जुलाई से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा। जिससे बारिश की संभावना बढ़ सकती है। इस दौरान कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भी बारिश बिलकुल गायब सी हो गई है। वहां पर लू जैसे हालात और उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है।
भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज यानी 15 जुलाई को ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में भी तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, मेघालय और मणिपुर में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश की उम्मीद
IMD के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में इस पूरे सप्ताह में मौसम ठीक-ठाक रहने की उम्मीद है। लेकिन बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। साथ ही हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलने की उम्मीद जताई गई है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। राजाधानी में 15 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि 16 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
जानें पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 15 से 20 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी। हिमाचल प्रदेश में 17 जुलाई के बाद वर्षा की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं, जबकि 18 से 20 जुलाई के दौरान कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भी 16 जुलाई से बारिश का दौर तेज होने की संभावना है और 15 से 20 जुलाई तक कई इलाकों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर में 15 से 17 जुलाई तक सामान्य से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि 18 से 20 जुलाई के बीच भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी-तूफान की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।