Davis Cup 2026: भारत और दक्षिण कोरिया के बीच डेविस कप2026 Qualifiers का दूसरा दौर 18 और 19 सितंबर को खेला जाएगा। यह मुकाबला दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल के Olympic Tennis Centre में होगा। भारत की टीम विश्व रैंकिंग में 19वें और दक्षिण कोरिया 16वें स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला अगले दौर के लिए बेहद अहम है। शुक्रवार को मुकाबले की शुरुआत सिंगल्स मैच से होगी। पहले मुकाबले में भारत के धक्षिणेश्वर सुरेश का सामना दक्षिण कोरिया के Kwon Soon-woo से होगा। सुरेश की विश्व रैंकिंग 367 है। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ पहले दौर में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
भारत से चुने गए ये जोड़ी
इसके बाद भारत के नंबर-1 सिंगल्स खिलाड़ी सुमित नागल कोर्ट पर उतरेंगे। विश्व रैंकिंग में 247वें स्थान पर मौजूद नागल का मुकाबला दक्षिण कोरिया के Chung Hyeon से होगा। चुंग ह्योन ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंच चुके हैं और उनके पास बड़े मुकाबलों का अनुभव है। शनिवार को मुकाबले की शुरुआत डबल्स मैच से होगी। भारत की ओर से एन श्रीराम बालाजी और निकी कल्याणदा पूनाचा की जोड़ी उतरेगी। बालाजी की डबल्स रैंकिंग 49 और पूनाचा की 88 है। उनका सामना दक्षिण कोरिया की Nam Ji-sung और Park Ui-sung की जोड़ी से होगा।
युकी भांबरी मुकाबले से बाहर
डबल्स मुकाबले में पूनाचा को मौका इसलिए मिला है क्योंकि भारत के अनुभवी डबल्स खिलाड़ी युकी भांबरी चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हैं। भांबरी की जांघ में चोट लगी है। अगर डबल्स के बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहता है, तो मुकाबले का फैसला रिवर्स सिंगल्स से होगा। पहले रिवर्स सिंगल्स में सुमित नागल का सामना क्वोन सून-वू से होगा। इसके बाद जरूरत पड़ने पर धक्षिणेश्वर सुरेश और चुंग ह्योन आमने-सामने होंगे।
अब तक 11 मुकाबले हुए
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच अब तक डेविस कप में 11 मुकाबले हुए हैं। दक्षिण कोरिया ने 6 मुकाबले जीते हैं, जबकि भारत को 5 में जीत मिली है। हालांकि, भारत ने दोनों टीमों के बीच हुए पिछले दो मुकाबले जीते हैं। 2016 में चंडीगढ़ में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया था। इस मुकाबले की विजेता टीम नवंबर में इटली के बोलोग्ना में होने वाले Davis Cup Final 8 के लिए क्वालीफाई करेगी। भारत ने डेविस कप का फाइनल तीन बार खेला है और 1966, 1974 तथा 1987 में उपविजेता रहा था।
भारत में मैच की लाइव स्ट्रीमिंग
भारत-दक्षिण कोरिया डेविस कप मुकाबला 18 सितंबर को सुबह 10:30 बजे और 19 सितंबर को सुबह 8:30 बजे शुरू होगा। मुकाबला सियोल के Olympic Tennis Centre में खेला जाएगा। भारत में इसकी लाइव स्ट्रीमिंग VETO App पर उपलब्ध होगी।