PM Modi 76th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी है। इस दौरान इज़राइली प्रधानमंत्री ने भारत को विश्व शक्ति" में बदलने के लिए उनके नेतृत्व की सराहना की और दोनों देशों के बीच अभूतपूर्व साझेदारी पर प्रकाश डाला। X पर एक पोस्ट में, नेतन्याहू ने कहा कि इज़राइल और भारत के बीच मित्रता 'पहले से कहीं अधिक मजबूत' है और विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देश अपनी साझेदारी को "और भी ऊंचाइयों" पर ले जाएंगे।
नेतन्याहू ने कहा 'जन्मदिन मुबारक हो, नरेंद्र! प्रधानमंत्री @narendramodi। आपके नेतृत्व ने भारत को विश्व शक्ति में बदल दिया है।' उन्होंने आगे कहा, "हमने मिलकर अपने दो महान लोकतंत्रों के बीच एक अभूतपूर्व साझेदारी का निर्माण किया है। इज़राइल और भारत के बीच मित्रता पहले से कहीं अधिक मजबूत है, और हम मिलकर इसे और भी ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।' नेतन्याहू ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री मोदी को "आगे भी कई वर्षों तक नेतृत्व, स्वास्थ्य और समृद्धि" की कामना की।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन का संदेश
इसके अलावा भारत में रूसी दूतावास ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई दी और भारत और रूस के बीच "विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी" को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की। पुतिन के संदेश को साझा करते हुए, भारत में रूसी दूतावास ने एक पोस्ट में कहा कि रूसी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर हार्दिक बधाई दी, जो 17 सितंबर को पड़ता है।
Also read: Kal Ka Mausam 18 Sep: घर से निकलने से पहले पढ़ लें कल 18 सितंबर का मौसम अपडेट, इन 21 राज्यों में बारिश का अलर्ट
पुतिन ने आगे कहा 'आपको अपने देशवासियों से गहरा सम्मान और वैश्विक मंच पर अपार प्रतिष्ठा प्राप्त है, जो बिल्कुल उचित है। भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपके व्यक्तिगत योगदान को शब्दों में बयां करना असंभव है।' रूसी राष्ट्रपति ने पिछले सप्ताह नई दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान उन्हें और रूसी प्रतिनिधिमंडल को दिए गए स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए आभार भी व्यक्त किया।
PM मोदी के जन्मदिन पर 'सेवा संकल्प अभियान' का आयोजन
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 1950 में गुजरात के मेहसाना जिले के वड़नगर में हीराबा और दामोदरदास मोदी के घर हुआ था। 26 मई, 2014 को उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली और स्वतंत्रता के बाद जन्म लेने वाले पहले प्रधानमंत्री बने। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में 'सेवा संकल्प अभियान' का आयोजन कर रही है, जिसमें सेवा-उन्मुख कार्यक्रमों और जनसंपर्क पहलों की एक श्रृंखला शामिल है।