पानी रिसाव के कारण पुरी के जगन्नाथ मंदिर में आई दरार, राज्य सरकार ने ASI से मांगी मदद

पानी रिसाव के कारण पुरी के जगन्नाथ मंदिर में आई दरार, राज्य सरकार ने ASI से मांगी मदद

Puri Jagannath Temple: ओडिशा के पुरी में स्थित जगन्नाथ मंदिर से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। जगन्नाथ मंदिर के मेघनाद पचेरी की दीवार में दरार आ गई है। दरार में से गंदा पानी का रिसाव हो रहा है। जानकारी के अनुसार, ये गंदा पानी रिसकर आनंदबाजार से आ रहा है। गौरतलब है कि आनंदबाजार मंदिर का वो परिसर है, जहां भगवान जगन्नाथ का प्रसाद बनता है। जगन्नाथ मंदिर में उत्तपन्न हुई इस परिस्थिति के बाद सेवादारों में चिंता का भाव है। मंदिर प्रशासन से लेकर राज्य सरकार ने दरार की मरम्मत के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से मदद मांगी है। बता दें, पुरी का जगन्नाथ मंदिर करोड़ों लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। हर महीने करोड़ों लोग देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से दर्शन के लिए पुरी पहुंचते हैं।

गौरतलब है कि जगन्नाथ मंदिर का जीर्णोद्धारक 12वीं शताब्दी में कंलिग के राजा अनंतवर्मन चोडगंग देव ने करवाया था। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा, इस मंदिर के मुख्य देव हैं। हिंदू धर्म में चार धामों का अलग ही महत्व है। इन्हीं में से एक जगन्नाथ पुरी धाम भी है। जगन्नाथ पुरी में निकलने वाली सलाना रथयात्रा भी विश्व प्रसिद्ध है। दुनियाभर से लोग रथ यात्रा में शामिल होने के लिए पुरी आते हैं।

सेवादारों ने जताई चिंता

मंदिर में दरार सामने आने के बाद सेवादारों में चिंता दिखाई दे रहा है। इस मामले पर सेवादारों ने कहा कि गंदे पानी के रिसाव के कारण मंदिर की दीवार के कुछ हिस्सों पर शैवाल के धब्बे दिखाई दे रहे हैं। मेघनाद पचेरी के लिए हम सब चिंतित हैं। साथ ही सेवादारों ने कहा कि मामला सामने आते ही ASI को सुचना दे दी गई थी। जिसके बाद ASI ने परिसर का निरीक्षण किया है। उनके साथ तकनीकी टीम भी मौजूद रही। साथ ही सेवादारों ने कहा कि हमें भरोसा है कि ASI जल्द ही मंदिर के मरम्मत कार्य को शुरु कर देगी।

हालांकि, राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि मामला संज्ञान में आते ही ASI को सूचित कर दिया गया है और जल्द ही मरम्मत का कार्य शुरु हो जाएगी।

Leave a comment