Commercial LPG Price: जुलाई महीने की शुरुआत में आम लोगों को घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई राहत नहीं मिली है। हालांकि, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक संस्थानों के लिए अच्छी खबर आई है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। नई दरें 1 जुलाई से लागू हो गई हैं। तेल कंपनियों के अनुसार, 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 174 रुपये से लेकर 183.50 रुपये तक की कमी की गई है। इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को गैस पर होने वाले खर्च में राहत मिलेगी।
इन शहरों में कम हुई किमत
सबसे ज्यादा राहत दिल्ली, लखनऊ और पटना में मिली है। इन शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 183.50 रुपये तक घटाई गई है। वहीं, कोलकाता में 174 रुपये की कटौती की गई है। अलग-अलग शहरों में टैक्स और परिवहन खर्च के कारण कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है। इंडियन ऑयल की नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,930 रुपये में मिलेगा। इससे पहले इसकी कीमत 3,113.50 रुपये थी। यानी एक सिलेंडर पर 183.50 रुपये की सीधी बचत होगी।
पटना में नहीं हुआ कोई बदलाव
वहीं, बिहार की राजधानी पटना में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यहां 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर पहले की तरह 1,031.50 रुपये में ही मिलेगा। हालांकि, 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 3,227 रुपये में उपलब्ध होगा। तेल कंपनियों ने साफ किया है कि 14.2 किलो वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी आम उपभोक्ताओं को फिलहाल गैस की कीमतों में कोई राहत नहीं मिली है।
कैसे तय होता है दाम?
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों, डॉलर की विनिमय दर और अन्य खर्चों को देखते हुए गैस सिलेंडर के नए दाम तय करती हैं। इसी प्रक्रिया के तहत इस बार केवल कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई है। माना जा रहा है कि कमर्शियल सिलेंडर सस्ता होने से होटल, रेस्टोरेंट और फूड बिजनेस से जुड़े कारोबारियों को राहत मिलेगी। इससे उनके संचालन खर्च में कमी आएगी। वहीं, घरेलू उपभोक्ताओं को अब भी गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत मिलने का इंतजार रहेगा।
Also read: Petrol-Diesel: सरकार ने डीजल पर टैक्स 5.5 रुएय कम किया,पेट्रोल पर बढ़ा दी गई एक्सपोर्ट ड्यूटी