Foldable iPhone Duo: Apple के फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo के लिए लग्जरी डिवाइस बनाने वाली कंपनी Caviar ने खास कस्टमाइज्ड कलेक्शन पेश किया है। Zodiac Collection नाम से आए इस कलेक्शन में ग्राहक अपनी राशि के अनुसार फोन का खास डिजाइन तैयार करवा सकते हैं। इसमें गोल्ड, सिल्वर, टाइटेनियम, कीमती रत्न, लेदर और उल्कापिंड जैसे दुर्लभ मटीरियल के विकल्प दिए गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग सजावटी फिनिश के जरिए ग्राहक अपने फोन को अपनी पसंद और ज्योतिषीय पहचान के मुताबिक खास लुक दे सकते हैं।
Caviar ने iPhone Duo के लिए Zodiac कलेक्शन को अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है, जहां खरीदार एक ऑनलाइन टूल की मदद से फोन का मनचाहा लुक तैयार कर सकते हैं। इसमें 12 राशियों के आधार पर अलग-अलग डिजाइन दिए गए हैं। ग्राहक अपनी राशि सिलेक्ट करने के बाद फोन के फ्रेम, बैक पैनल, राशि से जुड़े सर्कल और बीच में लगे मेडलियन के लिए पसंदीदा मटीरियल व फिनिश का चुनाव कर सकते हैं। इस तरह हर डिवाइस को अलग अंदाज दिया जा सकता है। फोन की अंतिम कीमत ग्राहक द्वारा चुने गए डिजाइन, मटीरियल और फिनिश पर निर्भर करेगी।
Caviar के इस खास कलेक्शन में Aeris वेरिएंट खरीदने के लिए ग्राहकों को कम से कम 15,600 डॉलर यानी करीब 14.65 लाख रुपये खर्च करने होंगे। वहीं, Libra एडिशन की शुरुआती कीमत 15,372 डॉलर (लगभग 14.43 लाख रुपये) तय की गई है। ये दोनों लग्जरी फोन iPhone Duo के 256GB मॉडल को आधार बनाकर तैयार किए गए हैं। गौरतलब है कि Apple के इस स्मार्टफोन की अमेरिकी बाजार में शुरुआती कीमत 1,999 डॉलर (करीब 1.90 लाख रुपये) है, जबकि भारत में इसका बेस वेरिएंट 2,99,900 रुपये में उपलब्ध है। हालांकि, Caviar से फोन को कस्टमाइज कराते समय चुनी गई सामग्री और डिजाइन के हिसाब से इसकी कीमत में बदलाव हो सकता है।
iPhone Duo के डिस्प्ले, प्रोसेसर और कैमरा स्पेसिफिकेशन
iPhone Duo में अंदर की तरफ 7.6 इंच की फोल्डिंग स्क्रीन दी गई है, जबकि फोन बंद होने पर इस्तेमाल के लिए 5.4 इंच का बाहरी डिस्प्ले मौजूद है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें Apple का A20 Pro प्रोसेसर लगाया गया है और कनेक्टिविटी की जिम्मेदारी C2 मॉडेम संभालता है। फोटोग्राफी के लिहाज से इस डिवाइस में पीछे की तरफ दो कैमरे मिलते हैं, जिनमें से प्रत्येक का रेजोल्यूशन 48 मेगापिक्सल है।