Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने पदक जीतने वाले 235 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। इनमें 73 पैरा-खिलाड़ी भी शामिल हैं। खास बात यह है कि चयनित खिलाड़ियों में से 9 को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्त किया जाएगा, जबकि अन्य खिलाड़ियों को अलग-अलग सरकारी विभागों में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
खिलाड़ियों की नियुक्ति को लेकर यह फैसला मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की सातवीं बैठक में लिया गया। बैठक के दौरान सामान्य और पैरा-खिलाड़ियों की ओर से प्राप्त कुल 286 आवेदनों पर विचार किया गया। जांच और समीक्षा के बाद समिति ने 235 खिलाड़ियों की सरकारी नियुक्ति के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करना और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
तीन श्रेणियों में होंगी खिलाड़ियों की नियुक्तियां
श्रेणी A: इसके तहत 9 खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
श्रेणी B: इस श्रेणी में 2 खिलाड़ियों को आबकारी विभाग में नौकरी दी जाएगी।
श्रेणी C: सबसे अधिक 224 खिलाड़ियों को इस श्रेणी के तहत विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्त किया जाएगा।
इन सरकारी पदों पर होगी भर्ती
श्रेणी C में चयनित खिलाड़ियों को लिपिक ग्रेड-दो, पुलिस कांस्टेबल, आबकारी कांस्टेबल, आबकारी रक्षक और उप जेलर समेत विभिन्न पदों पर नियुक्त किया जाएगा। इस फैसले से खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा।
235 खिलाड़ियों की नियुक्ति के इस फैसले में 73 पैरा-खिलाड़ियों को शामिल करना भी महत्वपूर्ण है। इससे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और सरकारी सेवाओं में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।