Cancer Medicine Price Reduction: कैंसर के मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत की खबर है। नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) की ओर से 137 एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय किए जाने के बाद 1,364 दवा फॉर्मूलेशन की संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। सरकार के मुताबिक, इन दवाओं के कुछ ब्रांड की कीमतों में 96.45 फीसदी तक की कमी दर्ज की गई है। इस फैसले से उपभोक्ताओं को सालाना करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्युटिकल्स विभाग के तहत आने वाले NPPA ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 गैर-अनुसूचित एंटी-कैंसर दवाओं के ट्रेड मार्जिन को अधिकतम 30 फीसदी तक सीमित करने का फैसला किया था। यह कदम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर उठाया गया।
इसका उद्देश्य दवाओं की बिक्री और वितरण के दौरान लगने वाले अत्यधिक मार्जिन को नियंत्रित करना और कैंसर के इलाज को मरीजों के लिए अधिक किफायती बनाना है। इन दवाओं की संशोधित कीमतें 9 नवंबर से लागू कर दी गई हैं।
679 ब्रांड की कीमतों में 50% से ज्यादा की कमी
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की मुताबिक, 8 नवंबर 2026 तक 85 फार्मास्युटिकल कंपनियों ने 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की संशोधित कीमतों की जानकारी दी थी। इनमें कुल 121 दवाएं शामिल हैं।
- 679 ब्रांड की कीमतों में 50 फीसदी से ज्यादा की कमी दर्ज की गई।
- सबसे ज्यादा 96.45 फीसदी तक MRP घटाई गई।
- कीमतों में बदलाव से सालाना 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान है।
ज्यादा पैसे वसूलने पर यहां करें शिकायत
अगर कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल की फार्मेसी कैंसर की दवा के लिए निर्धारित नई MRP से अधिक पैसे मांगती है, तो उपभोक्ता इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए फार्मा जन समाधान पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा NPPA की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर संपर्क करके भी कीमतों से जुड़ी शिकायत की जा सकती है।