Daler Mehndi Controversy: उत्तराखंड के टिहरी में स्टेज पर अपमानित होने के बाद लंबे समय से चुप चल रहे मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर अपना दर्द बयां किया है और इस मुश्किल घड़ी में साथ देने के लिए परिवार और फैंस का शुक्रिया अदा किया है।
दलेर मेहंदी ने शेयर किया इमोशनल नोट
दलेर मेहंदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "सालों से मुझे अपने गानों और हर मंच पर लोगों का खूब प्यार मिलता रहा है। लेकिन हाल के दिनों में मेरे साथ जो हुआ और जो मैंने महसूस किया है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। आप सभी जिस तरह मेरे साथ खड़े रहे, मेरे समर्थन में बोले, मुझ पर भरोसा जताया और मुझे प्यार दिया, उसके लिए मैं जितना भी धन्यवाद कहूं, कम है। "उन्होंने आगे लिखा, "इस मुश्किल वक्त में मेरा परिवार मेरी सबसे बड़ी ताकत बना रहा। मेरे भाई मीका ने मजबूती से मेरा साथ दिया। मेरी पत्नी तरन ने अपने साहस और अटूट विश्वास से मुझे हिम्मत दी। गुरदीप ने शांत रहकर हर परिस्थिति का सामना किया और मेरी बेटियों रबाब, अजीत और प्रभजोत ने मुझे बिना शर्त प्यार दिया। मेरे परिवार के हर सदस्य ने अपने-अपने तरीके से मेरा साथ दिया। मैं खुशकिस्मत हूं कि वे सभी मेरे साथ हैं।"दलेर ने पोस्ट में आगे लिखा, "परिवार सिर्फ वो लोग नहीं होते जिनके घर में हम पैदा होते हैं, बल्कि वो लोग भी परिवार होते हैं जो मुश्किल समय में हमारे साथ खड़े रहते हैं। आज मैं इसे गहराई से समझ पा रहा हूं। अक्सर किसी कलाकार की चर्चा तब होती है, जब वह इस दुनिया में नहीं रहता और अपनी तारीफ सुनने के लिए मौजूद नहीं होता। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे अपनी जिंदगी में ही इतना प्यार देखने और महसूस करने का मौका मिला।
Also read: रामायण का जलवा बरकरार, 4 दिनों में बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई, इन फिल्मों को छोड़ा पीछे
क्या है पूरा विवाद?
बता दें कि 18 अक्टूबर को दलेर मेहंदी टिहरी के 'सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले' में परफॉर्म करने पहुंचे थे। आरोप है कि वह स्टेज पर रुक-रुक कर गा रहे थे। तभी उत्तराखंड के एक नेता और हेल्थ मिनिस्टर सुबोध उनियाल मंच पर आए और उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि आप शराब पीकर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं, गाना भी नहीं गा रहे।उन्होंने यहां तक कह दिया था, "आपको मालूम है ना कि एक सिंगर पिट कर गया था यहां से। इतना पिटा था कि उसका बाप भी अब नहीं आ सकता यहां पर।"इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद कई सेलेब्स ने नेता की आलोचना की थी और दलेर मेहंदी के समर्थन में आए थे।