Bihar News:बिहार में खेती को आधुनिक और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पटना में अत्याधुनिक कृषि यंत्र परीक्षण प्रयोगशाला (Agricultural Machinery Testing Laboratory) स्थापित की जाएगी। इस प्रयोगशाला में कृषि यंत्रों की गुणवत्ता, कार्यक्षमता, क्षमता और सुरक्षा की जांच निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार की जाएगी। इससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण और मानक के अनुरूप कृषि यंत्र उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में किसानों की समृद्धि और खुशहाली की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य से बिहार सरकार कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण कृषि उपकरणों को बढ़ावा दे रही है। सरकार का लक्ष्य खेती की लागत कम करने, उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने का है।
SMAM योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन
वित्तीय वर्ष 2026-27 में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) योजना लागू की जा रही है। इसके तहत किसान और किसान समूह राज्य में कहीं से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना में कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान, कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर और किसान ड्रोन कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
कृषि मंत्री के अनुसार, योजना के विभिन्न घटकों के तहत अब तक 88,787 और 4,377 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। पात्र आवेदकों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जा रहा है, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
कृषि यंत्र केंद्रों पर लाखों रुपये का अनुदान
योजना के तहत राज्य के सभी जिलों में 10 लाख रुपये की परियोजना लागत पर 267 कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इन पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा 4 लाख रुपये है।
वहीं, ग्राम स्तर पर 10 लाख रुपये की परियोजना लागत से 38 कृषि यंत्र बैंक स्थापित किए जा रहे हैं। इनके लिए 80 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम 8 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।
इसके अतिरिक्त, फसल अवशेष जलाने की समस्या से प्रभावित जिलों में 200 स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के लिए परियोजना लागत का 80 प्रतिशत, अधिकतम 12 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।
खेती को आधुनिक बनाने पर जोर
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को टिकाऊ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण कृषि यंत्र उपलब्ध कराना है। पटना में प्रस्तावित परीक्षण प्रयोगशाला से कृषि उपकरणों के मानकों की जांच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। सरकार को उम्मीद है कि इन पहलों से आधुनिक कृषि तकनीक का विस्तार होगा, किसानों की लागत घटेगी और बिहार में कृषि व्यवस्था अधिक मजबूत बनेगी।
Also read: मन की बात में बिहार के मखाना के निर्यात की चर्चा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जताया आभार