Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में बिहार के पूर्णिया के मखाना के विदेशों में निर्यात का उल्लेख किया। इस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के मखाना को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलना राज्य के मेहनतकश किसानों, प्रसंस्करणकर्ताओं और ग्रामीण उद्यमियों के लिए सम्मान की बात है।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार अपने संबोधनों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, जमीनी हुनर और देश की पारंपरिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करते रहे हैं। पूर्णिया के मखाना का राष्ट्रीय मंच से उल्लेख होने से सीमांचल सहित पूरे बिहार के मखाना उत्पादकों और उद्यमियों को नई ऊर्जा मिलेगी। इससे बिहार के मखाना की ब्रांडिंग को मजबूती मिलने के साथ ही वैश्विक बाजार में इसकी पहचान बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
‘वोकल फॉर लोकल’ से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, प्रभावी विपणन और व्यापक प्रचार-प्रसार से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि बिहार के मखाना जैसे स्थानीय उत्पाद राज्य की आर्थिक क्षमता, किसानों की मेहनत और ग्रामीण उद्यमिता का प्रतीक हैं। इनके निर्यात को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय उत्पादकों और कारोबारियों के लिए नए अवसर सृजित हो सकते हैं।
अंगदान, विज्ञान और एआई के महत्व पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने अंगदान के प्रति जन-जागरूकता, ई-संजीवनी, विज्ञान एवं अनुसंधान, ब्रेन रिसर्च, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से जुड़े विषयों के महत्व पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि इन विषयों पर प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन देश को ज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। विज्ञान, नवाचार और आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग समाज के विभिन्न वर्गों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने और देश के विकास को गति देने में सहायक हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान और स्थानीय उत्पादों को मिल रहे प्रोत्साहन से बिहार के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिलेगी तथा राज्य के किसानों, उद्यमियों और स्थानीय कारोबारियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
Also read: शिक्षक एमएलसी चुनाव में 42 इंच के प्रोफसर ने किया मतदान, लोगों को दिया ये खास संदेश