Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के अंतर्गत वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था का लोकार्पण किया। इस व्यवस्था के शुरू होने से अब आम नागरिकों को राजस्व न्यायालयों में होने वाली सुनवाई के लिए बार-बार कार्यालयों और राजस्व न्यायालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। वे डिजिटल माध्यम से अपने मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे। इससे राजस्व न्यायालयों की कार्यवाही अधिक सुगम, पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी बनेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था के लोकार्पण कार्यक्रम में आप सभी का स्वागत करता हूँ। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को भी आज के इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि बिहार के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल माध्यम से मामलों की सुनवाई होगी। राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था शुरू होने से आम लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी
तथा राजस्व न्यायालय जाने से राहत मिलेगी। बिहार में राजस्व से जुड़े करोड़ों आवेदन एवं मामले लंबित रहते हैं। इस नई व्यवस्था के लागू होने से मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होगा। यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था से आम लोगों के समय और संसाधन दोनों की बचत होगी। उन्हें सुनवाई के लिए दूर-दराज से राजस्व न्यायालयों तक आने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे विशेष रूप से गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें सुलभ तरीके से न्याय मिल सकेगा। इस प्रणाली के माध्यम से सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा। इससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी तथा सुनवाई की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पारित आदेशों की स्क्रूटिनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि आदेशों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बेहतर हो सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्चुअल सुनवाई की इस व्यवस्था की व्यापक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने आदेशों की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए एक विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनवाई से संबंधित सूचना एस०एम०एस० के माध्यम से भेजने के साथ-साथ इसके लिए अतिरिक्त वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए कॉल सेंटर के माध्यम से भी संबंधित पक्षकारों को सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को सुनवाई की तिथि एवं समय की जानकारी मिलने में कठिनाई न हो। यह पहल डिजिटल बिहार के निर्माण और आधुनिक, जवाबदेह एवं पारदर्शी राजस्व व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।