Bihar News: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद अगले मुख्यमंत्री की तलाश तेज हो गई है। नई सरकार के गठन की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
संभावना जताई जा रही है कि कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं। साथ ही 15 अप्रैल को पटना स्थित लोकभवन में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा सकता है।
शिवराज सिंह को बड़ी जिम्मेदारी
दूसरी तरफ भाजपा ने विधायक दल का नेता चुनने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि सत्ता का नेतृत्व बदल सकता है। भाजपा ने इस अहम प्रक्रिया के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आधिकारिक पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि पार्टी संसदीय बोर्ड के आदेश पर बिहार में विधायक दल के नेता चुनने की कमान उन्हें दी गई है।
विजय चौधरी ने क्या कहा
इससे पहले बिहार सरकार में संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने संकेत दिया था कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला भारतीय जनता पार्टी का होगा। उनक द्वारा सुझाए गए नाम पर एनडीए विधायक दल की बैठक में मुहर लगाई जाएगी। हालांकि, मुख्यमंत्री पद के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है लेकिन, अभी तक किसी का नाम फाइनल नहीं हुआ है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बढ़ गई है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। दूसरी तरफ जानकारी के मुताबिक एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास के सीएम नीतीश कुमार के घर के सामान को 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास में शिफ्ट किया जा रहा है।