Bihar News: बिहार के पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से एक बेखौफ वारदात की खबर आ रही है। स्थानीय थाने से महज पचास मीटर की दूरी पर और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैतृक आवास के ठीक सामने बदमाशों ने दो युवकों को गोली मार दी। दोनों युवक गंगा किनारे सीढ़ी घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फायरिंग के दौरान गोली एक युवक की पीठ पर और दूसरे के पेट में लगी है। गोली मारते ही बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं घायल युवक किसी तरह जान बचाकर बाइक छोड़कर भागते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। घायलों की पहचान देदौर गांव निवासी विशाल कुमार पिता संजय राय और अभिषेक कुमार पिता विनोद राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते हीं बख्तियारपुर विधायक
अरुण कुमार साह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंच गए, पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हम निमंत्रण में जा रहे थे, तभी सूचना मिली कि दो युवकों को गोली मार दी गई है। यह बहुत हीं निंदनीय घटना है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन थाने और पूर्व मुख्यमंत्री के घर के इतने करीब हुई इस वारदात से स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 2 आयुष श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस कार्रबाई कर रही है जो भी दोषी होगा,शीघ्र हीं सलाखों के भीतर जायेगा,किसी भी हाल में बच नहीं पायेगा।