Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR की हवा अब सिर्फ आंखों में जलन नहीं दे रही, बल्कि सरकारों के लिए भी बड़ी मुसीबत बन गई है। हर साल सर्दी आते ही आसमान में धुएं की चादर तन जाती है, सांस लेना मुश्किल हो जाता है और फिर बैठकों, आदेशों और पाबंदियों का दौर शुरू हो जाता है। लेकिन इस बार सुप्रीम कोर्ट ने गाड़ियों को लेकर ऐसा सवाल उठा दिया है, जिसका सीधा असर दिल्ली-NCR के लाखों वाहन मालिकों पर पड़ सकता है। सवाल यही है कि जब हवा में जहर घुल रहा है तो क्या दिल्ली-NCR की सड़कों पर अब सिर्फ BS6 गाड़ियों को ही चलने दिया जाना चाहिए? अगर ऐसा हुआ तो क्या पुरानी गाड़ियों के लिए दिल्ली की सड़कें बंद हो जाएंगी? यानी प्रदूषण के खिलाफ इस लड़ाई में अब आपकी गाड़ी भी कटघरे में आ सकती है।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन की पीठ ने प्रदूषण में सुधार पर संतोष जताया। पीठ ने कहा कि दिल्ली में BS6 इंजन वाले ही वाहन चलने चाहिए।जस्टिस बागची ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि इस बार सर्दियां कम प्रदूषित हैं। नवंबर भी ठीक-ठाक ही निकला है।पीठ ने इस बात पर नाराजगी जताई कि दिल्ली के आसपास की कुछ राज्य सरकारें प्रदूषण को लेकर पूरी तरह गंभीर नहीं हैं। उनका अप्रोच एक्टिव नहीं, बल्कि पैसिव है।
सिर्फ BS6 गाड़ियों को इजाजत के पक्ष में कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर केवल BS6 मानक वाले वाहनों को ही चलने देने के पक्ष में है।BS4 वाहनों के मालिकों को PUC और फ्यूल मिलने में आ रही दिक्कतों पर सुनवाई करते हुए जस्टिस बागची ने कहा कि अगर पूरे NCR में नहीं, तो कम से कम दिल्ली में केवल BS6 वाहनों को ही चलने की अनुमति दी जानी चाहिए।पीठ ने कहा, इस बारे में हमारी सोच बिल्कुल स्पष्ट है। अगर NCR में नहीं तो हम दिल्ली में केवल BS6 वाहनों को ही अनुमति देंगे।
Also read: मेरठ में फिदायीन हमले की साजिश नाकाम, ATS ने उजैद को दबोचा, मोबाइल चैट में छिपा है आतंकी नेटवर्क का बड़ा राज
राज्यों से मांगी विस्तृत रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली और चार पड़ोसी राज्यों से प्रदूषण नियंत्रण पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इसमें हैवी कमर्शियल व्हीकल्स पर लंबे समय तक लगाए जाने वाले प्रतिबंधों और सप्लाई से जुड़ी चिंताओं पर भी विचार किया जा रहा है। मौजूदा प्रतिबंध 1 नवंबर से लागू है।