AI Peplacing Jobs: दुनिया भर की टेक कंपनियों में एक बार फिर छंटनी का दौर देखने को मिल रहा है। Oracle में हाल ही में फिर से कर्मचारियों की नौकरी जाने की खबर सामने आई है। हालांकि कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि इस बार कितने कर्मचारियों को निकाला गया है। Oracle अकेली कंपनी नहीं है, जहां छंटनी हो रही है। Amazon, Dell, Meta, Uber और PayPal समेत कई बड़ी टेक कंपनियां भी इस साल कर्मचारियों की संख्या कम कर चुकी हैं।
इस साल 1.28 लाख टेक कर्मचारियों की नौकरी गई
लेऑफ ट्रैकर पोर्टल Layoffs.fyi के मुताबिक, इस साल दुनियाभर में 303 टेक कंपनियों में छंटनी हुई है। इन कंपनियों ने अब तक करीब 1,28,873 टेक कर्मचारियों को नौकरी से बाहर किया है। इस आंकड़े में दुनिया की कई बड़ी टेक कंपनियां शामिल हैं। कंपनियों की ओर से छंटनी के पीछे कई कारण बताए जाते हैं। इनमें लागत कम करना, कारोबार में बदलाव और टेक्नोलॉजी में बढ़ता निवेश शामिल है। वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है।
Oracle में बड़े स्तर पर छंटनी
Oracle की छंटनी इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में है। कंपनी इस साल पहले ही करीब 21 हजार कर्मचारियों की नौकरी खत्म कर चुकी है। अब एक बार फिर कंपनी में कर्मचारियों को हटाए जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, इस नए दौर की छंटनी में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसका आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
Amazon और Dell में भी गईं नौकरियां
Amazon ने भी इस साल की शुरुआत में बड़ी छंटनी की थी। जनवरी में कंपनी ने करीब 16 हजार कर्मचारियों को हटाया था। कंपनी AI और ऑटोमेशन पर भी तेजी से काम कर रही है। वहीं, Dell ने मार्च में करीब 11 हजार कर्मचारियों की छंटनी की थी। रिपोर्टों में कंपनी के AI और ऑटोमेशन पर बढ़ते फोकस को भी इससे जोड़कर देखा गया।
AI से बदल रहा काम करने का तरीका
दुनिया भर की कंपनियां AI में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं। कंपनियां चाहती हैं कि कई ऐसे काम, जिन्हें पहले कर्मचारी करते थे, उन्हें AI और ऑटोमेशन की मदद से कम समय और कम लागत में पूरा किया जा सके। इससे कुछ पदों की जरूरत कम हो सकती है। हालांकि, AI से नई तरह की नौकरियां और भूमिकाएं भी पैदा हो रही हैं। ऐसे में आने वाले समय में टेक सेक्टर में कर्मचारियों की मांग पूरी तरह खत्म होने के बजाय नौकरी के काम और जरूरी स्किल में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
Also read: पाकिस्तान में हाफिज सईद के करीबी आतंकी की हत्या, चार अज्ञात बंदूकधारियों ने बरसाईं गोलियां