Aaj Ka Mousam: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में रात के समय हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव अभी कुछ दिनों तक जारी रहेगा और अगले पांच दिनों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
इन राज्यों में आंधी-तूफान की संभावना
मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 13 से 17 जून तक बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 17 जून तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 जून को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान लगाया गया है।
राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज
राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी भी चल सकती है। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तराखंड में 13 से 15 जून तक बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। वहीं हिमाचल प्रदेश में 13 से 17 जून के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अल नीनो की सक्रियता पर भी नजर
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 17 जून तक तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 13 से 17 जून तक बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून अब तक 16 राज्यों में पहुंच चुका है और बिहार में दस्तक दे चुका है। इसके बाद झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर इसका विस्तार जारी है। अनुमान है कि मानसून 20 से 22 जून के बीच उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच सकता है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अल नीनो की सक्रियता पर भी नजर रखी जा रही है, जिसका असर मानसून की गति और बारिश के वितरण पर पड़ सकता है।
Also read: Petrol Diesel Price : कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट, जाने क्या है आज पेट्रोल-डीजल का नया रेट