Aaj Ka Mausam 20 November 2026: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के सिस्टम ने चक्रवाती तूफान अकवान का रूप ले लिया है। जिसकी वजह से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के समुद्र तटीय इलाकों में मौसम बेहद खराब होने की आशंका है। मौसम विभाग इसको लेकर बिल्कुल अलर्ट मोड़ पर है। ओडिशा के संवेदनशील इलाकों से 80 हजार से अधिक लोगों को हटाकर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है। आंध्र प्रदेश में भी प्रभावित क्षेत्रों को खाली कराया जा रहा है और राहत-बचाव दलों को तैयार रखा गया है।
तूफान के साथ दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। आंध्र प्रदेश के अलावा तमिलनाडु और तेलंगाना में भी मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। दूसरी ओर, पहाड़ों पर बर्फ गिरने का सिलसिला शुरू होने से उत्तर भारत में सर्दी का असर तेज होने लगा है। मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के चलते तापमान नीचे जा रहा है और दिल्ली-एनसीआर में इस मौसम की पहली बार न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह के समय लोगों को अब ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने बदला मैदानी इलाकों का मौसम
देश के उत्तरी हिस्सों में सर्दी ने धीरे-धीरे अपना प्रभाव बढ़ाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ जमने के बाद वहां से आने वाली ठंडी हवाओं ने मैदानी राज्यों में भी तापमान गिरा दिया है। वहीं राजधानी दिल्ली का तापमान इस मौसम में पहली बार 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह के समय धुंध और कोहरे ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी है। उधर, कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे लुढ़ककर माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम के इस बदलाव का असर अब उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर के साथ दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी नजर आने लगा है, जहां ठंड के साथ सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनने लगी है।
यूपी में कोहरे की चादर
उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह के समय ठंड और धंध का असर देखने को मिल रहा है। साथ ही राज्य के 15 जिलों को घने कोहरे की मार झेलने पड़ रही है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, मऊ, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई शहरों में सुबह वाहन चालकों को कम विजिबिलिटी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले 2 से 3 दिनों के दौरान तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रदेश के लोगों को अगले कुछ दिनों में ठंड की ज्यादा मार झेलनी पड़ सकती है।