Haryana News: हरियाणा के हिसार में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने हांसी के बास थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृतलाल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने मारपीट के एक मामले में शिकायतकर्ता के बेटे का नाम हटाने के बदले पैसों की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को अग्रोहा मोड़ पर 80 हजार रुपये लेते ही SI को पकड़ लिया।
विजिलेंस इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के मुताबिक, बास थाने में कुछ दिन पहले मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। इसमें मिर्चपुर निवासी सत्यवान के एक बेटे को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके दूसरे बेटे का नाम भी केस में अन्य आरोपियों के तौर पर शामिल था। आरोप है कि SI अमृतलाल ने दूसरे बेटे का नाम हटवाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये मांगे थे। बाद में 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद सत्यवान ने विजिलेंस को शिकायत दी।
अग्रोहा मोड़ पर विजिलेंस ने बिछाया जाल
शिकायत की जांच और पुष्टि के बाद इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। योजना के मुताबिक, शिकायतकर्ता को तय रकम लेकर अग्रोहा मोड़ पर बुलाया गया। जैसे ही उसने SI अमृतलाल को 80 हजार रुपये दिए, आसपास मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
बास थाने से 17 नवंबर को गया था SI
बास थाना प्रभारी SI जयकुमार ने बताया कि अमृतलाल 17 नवंबर को थाने से गया था। उसे एक केस के सिलसिले में 18 नवंबर को हाईकोर्ट जाना था और गुरुवार को वापस लौटना था। थाना प्रभारी के अनुसार, विजिलेंस ने उसे किस मामले में पकड़ा है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
छुछक समारोह में हुक्का मांगने पर हुआ था विवाद
मामले की पृष्ठभूमि 27 मई 2025 की है। हांसी के गांव भाटोल जाटान में एक छुछक समारोह के दौरान हुक्का मांगने को लेकर विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता चरणदीप के अनुसार, वह अपने परिजनों के साथ अपनी बुआ की बेटी के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। मेहमानों के बैठने की व्यवस्था पड़ोस के घर में की गई थी। वहां कुछ लोग हुक्का और बीयर पी रहे थे। इसी दौरान हुक्का मांगने पर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर बीयर की बोतलों से हमला किया गया।