यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से पार, पुराने पुल को किया बंद

यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से पार, पुराने पुल को किया बंद

NEW DELHI:पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश के कारण यमुना में जल स्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। जिसके कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुराने यमुना पुल पर रेल यातायात मंगलवार को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। अधिकारी ने बताया कि आज सुबह 6बजे से पुराने पुल पर यातायात निलंबित किया गया है। उत्तर रेलवे ने बताया, "पुराने यमुना पुल पर रेल यातायात आज 11 जुलाई सुबह 06.00 बजे से अस्थायी रूप से निलंबित है।"

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, आज यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर से थोड़ा ऊपर 206. 24 मीटर तक पहुंच गया।इसके साथ ही अधिकारियों ने बताया कि यमुना में उच्च बाढ़ स्तर -207.49 मीटर है। इस बीच, लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तराखंड के देहरादून के विकासनगर में भी यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी देखी गई।

इससे पहले, सोमवार रात 11 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 206.04 मिमी दर्ज किया गया था। बाढ़ नियंत्रण विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में यमुना नदी, जो घंटों तक चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही थी, सोमवार शाम 5 बजे खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गई।

राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर पश्चिम भारत में बारिश के बीच हरियाणा द्वारा हथिनीकुंड बैराज से नदी में अधिक पानी छोड़े जाने से यमुना में जल स्तर लगातार बढ़ रहा है।बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक, सोमवार दोपहर तीन बजे हथिनीकुंड बैराज से करीब 2,15,677 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया. सोमवार दोपहर को शहर में ताजा बारिश हुई।

इससे पहले सोमवार को दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि सरकार अलर्ट मोड में है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरी तरह तैयार है. पूरे उत्तर भारतीय क्षेत्र और विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

Leave a comment