West Bengal News:पश्चिम बंगाल सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए 'भोरशा कर्मसूची' योजना शुरू करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, जनवरी 2027 से इस योजना के तहत पात्र बेरोजगार युवाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। बेरोजगार स्नातकों और सरकारी व्यावसायिक संस्थानों व ITI से डिप्लोमा प्राप्त युवाओं को 2,000 रुपये मासिक भत्ता मिलेगा, जबकि गैर-स्नातकों को 1,500 रुपये दिए जाएंगे।
योजना का लाभ लेने के लिए उम्मीदवारों की उम्र 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एक परिवार के अधिकतम दो सदस्य इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। वहीं, 'अन्नपूर्णा योजना' के तहत 3,000 रुपये मासिक सहायता पाने वाले लोग इसके पात्र नहीं होंगे।
2028-29 से बढ़ेगी भत्ते की राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा के घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार, वित्त वर्ष 2028-29 से स्नातकों और ITI डिप्लोमा धारकों का भत्ता बढ़ाकर 3,000 रुपये तथा गैर-स्नातकों का भत्ता 2,000 रुपये किया जाएगा। यह योजना पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की 'युवसाथी' योजना की जगह लेगी। सरकार के मुताबिक, भत्ते की राशि हर महीने दूसरे सप्ताह में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। फरवरी में एक कार्यक्रम के जरिए योजना को औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। पहले से मौजूद 54 लाख लाभार्थियों का सत्यापन 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नए आवेदक 'अपना सरकार अपना पाशे' कार्यक्रम के जरिए आवेदन कर सकेंगे।
Also read: Tata Kuno EV: टाटा मोटर्स ला रही है नई इलेक्ट्रिक SUV, 500Km तक की रेंज के साथ धांसू फीचर्स